संगठन ‘लहू बोलेगा’ ने की डॉ. प्रभात कुमार की बहाली की मांग, 5 अगस्त को राज्यस्तरीय प्रदर्शन



RANCHI


“लहू बोलेगा” रक्तदान संगठन और झारखंड थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, हीमोफीलिया एवं अप्लास्टिक एनीमिया पीड़ित एसोसिएशन की संयुक्त बैठक रविवार को रांची सदर अस्पताल ब्लड बैंक परिसर में आयोजित हुई। बैठक में झारखंड स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर चिंता व्यक्त करते हुए कई मांगें उठाई गईं।

बैठक में वक्ताओं ने रांची के पूर्व सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार को पुनः पदस्थापित करने की मांग की। उनका कहना था कि डॉ. प्रभात कुमार के नेतृत्व में रांची सदर अस्पताल ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं और अस्पताल को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान भी मिला।

संगठनों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए रक्तदान, ब्लड बैंक, मरीजों की सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की मांग की। साथ ही स्वास्थ्य विभाग में जनसुनवाई और व्यापक समीक्षा कराने की भी मांग रखी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इन मांगों को लेकर 5 अगस्त को डोरंडा स्थित नेपाल हाउस (झारखंड स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय) के समक्ष राज्यस्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता नदीम खान ने की, जबकि संचालन सीमा देवी ने किया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, रक्तदाताओं, मरीजों के परिजनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *