NEW DELHI
NEET पेपर लीक आंदोलन के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) अब अपने अगले अभियान की तैयारी में जुट गई है। संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों की अहम बैठक 5 अगस्त को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित होगी, जिसमें भविष्य की रणनीति और देशभर में संगठन के विस्तार पर मंथन किया जाएगा।
संगठन के सूत्रों के अनुसार यह बैठक CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके के आवास पर होगी। इसमें मुख्य सदस्य हाल के आंदोलनों की समीक्षा करेंगे और छात्रों, युवाओं तथा स्वयंसेवकों से मिले सुझावों के आधार पर आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक के खिलाफ करीब एक महीने तक चले आंदोलन के बाद संगठन ने अपने कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों से कुछ समय परिवार के साथ बिताने का आग्रह किया था। साथ ही उन्हें छात्रों और युवाओं से संवाद कर उनके सुझाव लेकर बैठक में शामिल होने को कहा गया था।
बैठक के बाद CJP प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी नई कार्ययोजना सार्वजनिक करेगी। माना जा रहा है कि संगठन शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, परीक्षा सुधार और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर आगे के राष्ट्रीय अभियान की घोषणा कर सकता है।
इस बीच अभिजीत दिपके ने अपने आवास पर छात्रों, स्थानीय नागरिकों और आसपास के जिलों से आए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों के साथ फ्रेंडशिप डे भी मनाया और युवाओं के साथ संवाद किया।
NEET पेपर लीक के विरोध में CJP के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चला आंदोलन सोशल मीडिया और देशभर के युवाओं, खासकर Gen Z, के बीच व्यापक चर्चा का विषय बना था। इसी आंदोलन के बाद परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही को लेकर बहस तेज हुई। हाल के राजनीतिक घटनाक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भी शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा सुधार का मुद्दा राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में बना हुआ है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि CJP छात्र और युवा मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहती है, तो यह संगठन आने वाले समय में पारंपरिक राजनीति से अलग एक वैकल्पिक युवा मंच के रूप में अपनी पहचान और मजबूत कर सकता है।
