सावन मेंला: बाबाधाम में खाद्य सुरक्षा का सख्त पहरा, 1060 किलो संदिग्ध पेड़ा पर चला बुलडोजर



Deoghar


राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए देवघर जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा जांच अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित टीमों ने घोरमारा क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाते हुए कई पेड़ा दुकानों की जांच की।

खाद्य सुरक्षा उड़नदस्ता दल ने मां दुर्गा पेड़ा भंडार, संदीप पेड़ा शॉप, पीहू पेड़ा भंडार और आशीष फास्ट फूड का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, निर्माण व भंडारण प्रक्रिया तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक लाइसेंस और अभिलेखों की जांच की गई। दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की बिक्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

इसी अभियान के तहत ओमजी पेड़ा भंडार से पहले जब्त किए गए 1060 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा को नियमानुसार जेसीबी मशीन की सहायता से नष्ट कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेला की पूरी अवधि में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावटी, अवमानक या असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री में शामिल पाए जाने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों से वैध लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के साथ ही स्वच्छता मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री की अपील की है। वहीं श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से भी अनुरोध किया गया है कि यदि कहीं मिलावटी या संदिग्ध खाद्य सामग्री की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *