राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय, दिल्ली में झारखंड की सीमा खाखा दिखाएंगी अपनी पारंपरिक कला का हुनर


राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय, नई दिल्ली में झारखंड की शिल्पकार सीमा खाखा का चयन

RANCHI

झारखंड की प्रतिभाशाली शिल्पकार सीमा खाखा का चयन भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय एवं हस्तकला अकादमी, नई दिल्ली द्वारा आयोजित लाइव क्राफ्ट डिमॉन्स्ट्रेशन एवं सेल प्रोग्राम के लिए किया गया है। यह कार्यक्रम 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के चयनित शिल्पकार अपनी पारंपरिक कला का जीवंत प्रदर्शन करेंगे तथा अपने हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय करेंगे।

सीमा खाखा का चयन क्रोशिया (Crochet) एवं एम्ब्रॉयडरी (Embroidery) शिल्प के लिए किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके वर्षों के समर्पण और रचनात्मक कार्य का सम्मान है, बल्कि झारखंड की हस्तशिल्प परंपरा के लिए भी गर्व का विषय है।

सीमा खाखा ने बताया कि उनका प्रयास सदैव पारंपरिक हस्तशिल्प को आधुनिक पहचान दिलाने तथा महिलाओं और स्थानीय कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने का रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर झारखंड की कला और शिल्प को प्रस्तुत करने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत सम्मान और प्रेरणा की बात है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय शिल्प संग्रहालय एवं हस्तकला अकादमी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम देश की पारंपरिक हस्तकलाओं के संरक्षण, संवर्धन तथा कारीगरों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित रूप से आयोजित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *