SIR : झारखंड में वोटर सूची पुनरीक्षण में जुटे BLO और सुपरवाइजर को मिलेगा 6,000 मानदेय

RANCHI


देश के कई राज्यों में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) और BLO सुपरवाइजरों के लिए बड़ी घोषणा की है। आयोग ने इस विशेष अभियान में अतिरिक्त जिम्मेदारियां निभाने वाले प्रत्येक BLO और BLO सुपरवाइजर को उनके नियमित वेतन के अलावा ₹6,000 का एकमुश्त विशेष मानदेय देने की मंजूरी दी है।

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि SIR के दौरान कार्यभार और जिम्मेदारियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आयोग ने सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस आदेश की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाए और इसका पालन सुनिश्चित किया जाए।

यह निर्देश झारखंड समेत आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तराखंड, दिल्ली सहित कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए जारी किया गया है। आयोग ने पहले ही 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से SIR अभियान चलाने की घोषणा की थी, जिसमें 36 करोड़ से अधिक मतदाता शामिल हैं।

आयोग के अनुसार, SIR अभियान को जनगणना की हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया के साथ समन्वय बनाकर संचालित किया जा रहा है, ताकि फील्ड स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके। वहीं, जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना का दूसरा चरण या मौसम संबंधी परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं, वहां SIR का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।

चुनाव आयोग ने बताया कि देशभर में 3.94 लाख से अधिक BLO घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस अभियान में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLA) भी सहयोग करेंगे, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *