मणिपुर में फिर बढ़ा तनाव, तीन घरों में आग के बाद सुरक्षा बलों ने लिया बड़ा एक्शन

MANIPUR

मणिपुर में रविवार दोपहर एक बार फिर तनाव बढ़ गया। इम्फाल वेस्ट और कांगपोकपी जिले की सीमा से सटे कांटो सबल इलाके में मैतेई समुदाय के तीन खाली पड़े घरों में कथित तौर पर आग लगा दी गई। घटना के बाद हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा बलों ने तुरंत बड़े स्तर पर अभियान शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 1:30 बजे आसपास के धान के खेतों में काम कर रहे लोगों ने घरों से धुआं उठता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके कुछ ही देर बाद लीमाखोंग की ओर से करीब एक हजार लोगों की भीड़ सीमा क्षेत्र की तरफ बढ़ने लगी, जिससे तनाव और बढ़ गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लीमाखोंग-कांटो सबल सीमा पर आंसू गैस के गोले और स्मोक बम दागे, ताकि भीड़ को आगे बढ़ने से रोका जा सके। इसी दौरान दमकल और सुरक्षा टीमों ने आग पर काबू पाने के साथ-साथ उसे आसपास के इलाकों में फैलने से भी रोका।

अभियान के दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि प्रशासन ने घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है। फिलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *