RANCHI
विश्व जनसंख्या दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि रांची में एम्स की स्थापना को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा हुई है और रिम्स-2 की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य के हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सभी सदर अस्पतालों में सी-सेक्शन के लिए विशेष सेंटर, विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती और साहिया बहनों के लिए 400 छोटे एंबुलेंस उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी केंद्र के सामने रखा गया है। नर्सिंग कॉलेज खोलने के लिए निजी निवेशकों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं और परिवार नियोजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टरों, एएनएम, साहिया और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बढ़ती आबादी के बीच गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और मानव संसाधन का बेहतर उपयोग सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
