RANCHI
झारखंड प्रदेश भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) की कार्यकारिणी बैठक और महाधिवेशन शनिवार को रांची में संपन्न हुआ। महाधिवेशन का सबसे अहम फैसला डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू के पक्ष में आया, जिन्हें प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से पुनः झारखंड प्रदेश इंटक का अध्यक्ष चुना। उनके पुनर्निर्वाचन पर कार्यकर्ताओं और अतिथियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
महाधिवेशन में राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों और श्रमिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम में इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि संचालन राष्ट्रीय महासचिव एन. जी. अरुण ने किया। नव-निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू ने अध्यक्षता की।
कार्यक्रम में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी और विधायक रामचंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत इंटक के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे (ददई दुबे) को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। साथ ही चतरा जिला इंटक अध्यक्ष स्वर्गीय साबिर हुसैन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। वक्ताओं ने ददई दुबे के संघर्षपूर्ण जीवन और मजदूर हितों के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प दोहराया।
महाधिवेशन में सीसीएल, बीसीसीएल, ईसीएल, सेल, लोहरदगा बॉक्साइट माइंस, चिड़िया और नोवामुंडी माइंस समेत विभिन्न औद्योगिक एवं खनन क्षेत्रों के श्रमिक प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
बैठक में श्रमिकों की ज्वलंत समस्याओं, श्रमिक अधिकारों और केंद्र सरकार की नई श्रम संहिताओं पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने कहा कि मौजूदा स्वरूप में लेबर कोड लागू होने से करोड़ों मजदूरों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। इस दौरान श्रमिक हितों की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया गया।
राष्ट्रीय महासचिव एन. जी. अरुण ने संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से विचार रखे। महाधिवेशन में संगठन और श्रमिक हितों से जुड़े आठ प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
इस अवसर पर इंटक के कोषाध्यक्ष आर. एन. चौबे, कालीचरण यादव, युवा इंटक प्रदेश अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा, रमेश कुमार झा, राहुल कुमार विश्वकर्मा, मनोज दास, आर. पी. सिंह, बच्चन पांडे, सुधांशु शेखर झा, खजांची राम, उदय प्रताप सिंह, ओमप्रकाश प्रजापति, जिया आलम, सुनील सिंह, मंगरा उरांव, आशुतोष सिंह, ब्रजकिशोर चौधरी, मनोज कुमार तिवारी, हाजी अख्तर आजाद, अर्जुन दास, बब्बन कुमार रजक, अवधेश कुमार, देवकांत शर्मा, शिशिर कुमार सरकार और जिया उल हक समेत सैकड़ों पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में बच्चन पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सभी अतिथियों, श्रमिक साथियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।
