RANCHI
झारखंड सरकार 8 और 9 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में दो दिवसीय ‘नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन’ का आयोजन करने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में होने वाला यह कार्यक्रम राज्य के औद्योगिक, तकनीकी और पर्यटन विकास की भावी दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री से झारखंड मंत्रालय में आईटी विभाग की सचिव पूजा सिंघल और उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल ने शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी भी मौजूद रहे।
देश-विदेश के विशेषज्ञों का होगा जमावड़ा
दो दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में देश और विदेश के प्रमुख उद्योगपति, निवेशक, नीति निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड को निवेश, तकनीक और नवाचार का उभरता केंद्र बनाने के साथ-साथ राज्य के ‘विजन 2050’ को मजबूत आधार प्रदान करना है।
AI, IT और डिजिटल गवर्नेंस पर विशेष मंथन
पहले दिन डिजिटल गवर्नेंस, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक आधारित विकास पर व्यापक चर्चा होगी। राज्य में आईटी पार्क, डिजिटल सेवाओं और एआई आधारित परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए उद्योग जगत और सरकार के बीच सीधी बातचीत (B2G) भी आयोजित की जाएगी।
इसी दौरान झारखंड एआई नीति के मसौदे समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श होगा और आईटी क्षेत्र से जुड़े कुछ अहम समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर होने की भी संभावना है।
निवेश और पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
कार्यक्रम के दूसरे दिन निवेश, समावेशी विकास और पर्यटन पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और औद्योगिक संभावनाओं को निवेशकों के सामने प्रस्तुत कर नए निवेश आकर्षित करने की रणनीति पर चर्चा होगी।
सरकार इस अवसर पर निवेश प्रोत्साहन, पर्यटन, टेक्सटाइल, पीपीपी मॉडल और जियाडा से संबंधित कई नई नीतियों के प्रारूप भी जारी करेगी। साथ ही, बड़े औद्योगिक समूहों के साथ महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाने की तैयारी है।
‘एक्सप्लोर इंफिनाइट अपॉर्चुनिटीज‘ को मिलेगा बल
झारखंड सरकार का मानना है कि यह आयोजन राज्य की थीम ‘एक्सप्लोर इंफिनाइट अपॉर्चुनिटीज’ को धरातल पर उतारने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा। इससे निवेश बढ़ने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
विश्व आर्थिक मंच (WEF) में राज्य की बढ़ती वैश्विक उपस्थिति के बाद आयोजित यह सम्मेलन झारखंड को अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ होगा समापन
दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, नृत्य और संगीत पर आधारित विशेष सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा, जिसमें देश-विदेश से आए उद्योगपति, नीति विशेषज्ञ और गणमान्य अतिथि राज्य की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होंगे।
