Bengaluru
कर्नाटक में ब्रेकअप के बाद जुनूनी प्रेमी की खतरनाक हरकत उसकी अपनी मौत का कारण बन गई। तुमकुरु हाईवे पर चलती कार में हुए धमाके ने हर किसी को दहला दिया। इस घटना में आरोपी युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पूर्व प्रेमिका और कैब चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचा ली।
जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु से तुमकुरु की ओर जा रही एक उबर कैब अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बाद में सामने आया कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि प्रेम संबंध टूटने के बाद उपजी सनक का भयावह परिणाम था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी नागेंद्र अपनी पूर्व प्रेमिका द्वारा मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने से नाराज था। उसने कथित तौर पर युवती का अपहरण कर उसे जबरन अंकोला ले जाने की कोशिश की। यात्रा के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ा और आरोपी ने चलती कैब के भीतर युवती पर चाकू से हमला कर दिया।
ड्राइवर की सूझबूझ से बची दो जान
हमले के दौरान कैब चालक ने तत्काल स्थिति को भांपते हुए वाहन रोक दिया। इसी का फायदा उठाकर घायल युवती और चालक कार से बाहर निकलने में सफल रहे। उनके बाहर आते ही आरोपी ने कार के भीतर मौजूद पेट्रोल बम में विस्फोट कर दिया, जिससे वाहन आग की लपटों में घिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि असफल प्रेम संबंधों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्तियों और जुनूनी व्यवहार को समय रहते पहचानना और रोकना कितना जरूरी है।
