RANCHI
राजधानी रांची में प्रस्तावित 10 लेन स्मार्ट सड़क परियोजना का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। जमीन और अलाइनमेंट से जुड़ी सभी बाधाओं के दूर होने के बाद स्टेट हाईवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड ने टेंडर जारी कर दिया है। सितंबर तक निविदा प्रक्रिया पूरी होने और इसी वर्ष निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। करीब 177 करोड़ रुपये की लागत से यह महत्वाकांक्षी परियोजना साकार होगी।
परियोजना के तहत विवेकानंद स्कूल मोड़ से जगन्नाथ मंदिर, हाईकोर्ट और नए आरओबी तक लगभग 6.089 किलोमीटर लंबी छह लेन की मुख्य सड़क बनाई जाएगी। इसके साथ सर्विस रोड, साइकिल ट्रैक और आधुनिक फुटपाथ का भी निर्माण होगा। वहीं, नए आरओबी से न्यायालय होते हुए रिंग रोड तक करीब 2.12 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण कर दो लेन मार्ग और पेव्ड शोल्डर विकसित किए जाएंगे।
पहले हटिया ग्रिड और नयासराय आरओबी के कारण सड़क के अलाइनमेंट में तकनीकी दिक्कतें सामने आई थीं, लेकिन अब उनका समाधान कर लिया गया है, जिससे निर्माण कार्य का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
इस स्मार्ट कॉरिडोर को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। सड़क के दोनों किनारों पर सोलर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट लगेंगी, जिससे पूरी सड़क पर्यावरण-अनुकूल रोशनी से जगमग रहेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए बैठने की व्यवस्था, खुली झोपड़ीनुमा विश्राम संरचनाएं, हरित पट्टियां और फूलों के पौधे भी विकसित किए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, परियोजना में सुरक्षा और गुणवत्ता के सभी मानकों का पालन किया जाएगा, ताकि रांची को एक आधुनिक, सुंदर और टिकाऊ शहरी सड़क नेटवर्क उपलब्ध कराया जा सके।
