RANCHI
झारखंड की खेल यात्रा में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है, जहां राजधानी रांची पहली बार प्रतिष्ठित डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए तैयार है। यह आयोजन संभावित रूप से 26 जुलाई 2026 से शुरू होगा। इसे लेकर सोमवार को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डूरंड कप के सफल और भव्य आयोजन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। इसमें स्टेडियम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक प्रबंधन, संचालन प्रणाली, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
सचिव मुकेश कुमार ने कहा कि रांची में पहली बार डूरंड कप का आयोजन झारखंड में फुटबॉल को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य को बड़े खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैचों की मेजबानी के अवसर भी बढ़ेंगे।
डूरंड कप 2026 का उद्घाटन समारोह खेल, देशभक्ति और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत का भव्य संगम होगा। इसमें भारतीय सशस्त्र बलों के विशेष प्रदर्शन, आर्मी बैंड की प्रस्तुति और झारखंड की लोक व जनजातीय नृत्य परंपराओं का शानदार प्रदर्शन शामिल रहेगा।
सचिव ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं और खिलाड़ियों, अधिकारियों तथा दर्शकों को यादगार अनुभव प्रदान करना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में खेल निदेशक छवि रंजन, संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम, डूरंड कप के नोडल आर्मी अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी हितधारकों ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
