DHANBAD: SIR जागरूकता शिविर का आयोजन, मतदाता अधिकारों को लेकर किया गया जागरूक

DHANBAD

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्प्रिंग रोज स्कूल, धनबाद में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नया बाजार के इमाम जनाब सुफियान साहब और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शमीम अख्तर की पहल पर किया गया। लोगों की अपेक्षा से अधिक भागीदारी होने के कारण कार्यक्रम स्थल में बदलाव करना पड़ा, जिससे विषय के प्रति आम नागरिकों की गंभीर रुचि स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

शिविर में सामाजिक संगठनों और कानूनी क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भारत जोड़ो अभियान एवं साझा कदम (JJM) से जुड़े प्रवीर पीटर, झारखंड हाई कोर्ट के अधिवक्ता शादाब आलम, धनबाद कोर्ट के अधिवक्ता आमिर फैज तथा छात्र नील प्रसाद भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने SIR की प्रक्रिया, मतदाता सूची पुनरीक्षण और नागरिकों के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। प्रतिभागियों को गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई तथा उनके विभिन्न सवालों का समाधान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जागरूकता के अभाव में कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए, इसके लिए ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता है।

शिविर का स्वागत शमीम अख्तर ने किया, जबकि संचालन इमाम सुफियान साहब ने किया। वक्ताओं ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं की सही जानकारी दें, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *