RANCHI
चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 को लेकर झारखंड के फिल्मकारों, कलाकारों और सिने प्रेमियों के बीच उत्साह चरम पर है। इस वर्ष आयोजित होने वाले फेस्टिवल के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 84 फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। आयोजन समिति के अनुसार फिल्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 जून 2026 तक बड़ी संख्या में फिल्मकारों ने अपनी रचनाएं भेजीं, जो झारखंड में विकसित हो रही सशक्त और रचनात्मक फिल्म संस्कृति का प्रमाण है।
फेस्टिवल में प्राप्त प्रविष्टियों में फीचर फिल्म, लघु फिल्म, वृत्तचित्र, सामाजिक सरोकारों पर आधारित फिल्में, सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी प्रस्तुतियां तथा ऐतिहासिक विषयों पर केंद्रित रचनाएं शामिल हैं। समिति ने सभी फिल्मों की सूची सार्वजनिक कर दी है, जिससे प्रतिभागियों और दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।

आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष प्राप्त फिल्मों में सामाजिक बदलाव, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय जीवन, शिक्षा, पर्यटन, मानव तस्करी, नशा मुक्ति, ग्रामीण विकास तथा सांस्कृतिक पहचान जैसे विषय प्रमुख रूप से उभरकर सामने आए हैं। कई फिल्में झारखंड की लोक संस्कृति, इतिहास और समकालीन चुनौतियों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
फेस्टिवल के लिए प्राप्त प्रमुख फिल्मों में पलाश, सुंदरी जंगल, झरिया का मुंगरू, मां भारती, बदलाव, जय मां काली, आत्म परीक्षण, हाथी मेरे साथी, तय है सुबह का आना, लातेहार की हेरिटेज बिल्डिंग, निर्मला की दुनिया, प्रेम जाल, मिसिंग डायरी, भटकते सितारे, इमरती, धुआं और पश्चाताप, तमस-द डार्कनेस, माटी, पलायन, प्रेरणा, अधूरी उड़ान, गुनाह, उलझन, ड्रग एब्यूज़, डिजिटल इंडिया, वंदे मातरम्, माही, झरिया द बर्निंग लैंड, वजह, गठ्ठर, पैतकर, दहाड़, गुल्लक, किसान का कर्ज, रिविजिटिंग द हिस्ट्री ऑफ सिमडेगा और राष्ट्र सेवा में समर्पण सहित अनेक फिल्में शामिल हैं।
वर्तमान में फेस्टिवल की प्री-व्यू समिति सभी प्रविष्टियों का अवलोकन कर रही है। प्रारंभिक परीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित फिल्मों को अंतिम मूल्यांकन के लिए जूरी सदस्यों के पास भेजा जाएगा। जूरी की अनुशंसा के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कारों का चयन किया जाएगा, जिसकी घोषणा फेस्टिवल के दौरान की जाएगी।
फेस्टिवल निदेशक ने बताया कि इस बार फिल्मों की संख्या के साथ-साथ विषयों की विविधता भी उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा फिल्मकार सामाजिक मुद्दों और स्थानीय संस्कृति को प्रभावी ढंग से बड़े मंच तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। यह राज्य के फिल्म उद्योग के लिए सकारात्मक संकेत है।
आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चयन प्रक्रिया, जूरी पैनल और कार्यक्रम से जुड़ी सभी जानकारियां समय-समय पर फेस्टिवल के आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा की जाएंगी। प्रतिभागियों से नियमित रूप से आधिकारिक प्लेटफॉर्म से जुड़े रहने की अपील की गई है।
उल्लेखनीय है कि चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 26 से 28 जून तक रांची स्थित सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में चयनित फिल्मों का प्रदर्शन, संवाद सत्र, विशेषज्ञों की चर्चाएं तथा भव्य पुरस्कार समारोह आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन झारखंड की उभरती फिल्म प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
