RANCHI
रांची जीपीओ में शुक्रवार को ऑल इंडिया पोस्टल/आरएमएस पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता के डी राय व्यथित ने की। इसमें तीन दर्जन से अधिक पोस्टल और आरएमएस पेंशनर्स के अलावा सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड के कई प्रतिनिधि भी शामिल हुए। बैठक में पेंशन अधिनियम में प्रस्तावित संशोधन को लेकर गहरी चिंता जताई गई और इसके खिलाफ संगठित होकर संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पेंशनर्स एसोसिएशन से जुड़े 17 संगठनों ने कथित ड्राकोनियन संशोधन के खिलाफ पिछले वर्ष नवंबर में उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिस पर अब तक सुनवाई की प्रक्रिया चल रही है। सदस्यों का कहना था कि यह संशोधन संविधान के अनुच्छेद 14 का उल्लंघन करता है और समानता के अधिकार पर चोट पहुंचाता है। साथ ही अन्य पेंशनर्स संगठनों को भी इस मुद्दे पर जागरूक करने पर सहमति बनी।
CGHS इलाज व्यवस्था पर जताई नाराजगी
बैठक में CGHS व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी सामने आई। पेंशनर्स ने कहा कि लाभार्थियों को इलाज और दवाओं के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इंडेंट की गई दवाएं समय पर उपलब्ध नहीं कराई जातीं और कई बार एक सप्ताह तक इंतजार करना पड़ता है, जबकि इन्हें तीन दिनों के भीतर उपलब्ध कराया जाना चाहिए। लाइफ सेविंग दवाओं में भी अनावश्यक देरी किए जाने पर चिंता व्यक्त की गई।
सदस्यों ने यह भी कहा कि पिछले तीन वर्षों से लोकल और जोनल एडवाइजरी कमेटी की बैठकें आयोजित नहीं की गई हैं, जबकि स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रावधानों के अनुसार इन बैठकों का नियमित आयोजन होना चाहिए। इस संबंध में एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल मार्च महीने में अतिरिक्त निदेशक को ज्ञापन भी सौंप चुका है।
सदस्यता अभियान और मुफ्त मेडिकल कैम्प का निर्णय
बैठक में पूरे झारखंड में क्रमबद्ध तरीके से सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया ताकि अधिक से अधिक पेंशनर्स को संगठन से जोड़कर जागरूक किया जा सके। इसके अलावा मई के अंतिम सप्ताह में आर्थराइटिस मरीजों के लिए दिल्ली की एक कंसल्टेंट एजेंसी के सहयोग से मुफ्त मेडिकल कैम्प लगाने की घोषणा भी की गई।
चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन में एम जेड खान को राष्ट्रीय संयुक्त सचिव चुने जाने पर सदस्यों ने खुशी जताई और इसे झारखंड के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
बैठक को एम जेड खान, साधन कुमार सिंहा, बिपिन चौधरी, रंगनाथ पांडेय, शमीम अख्तर, रामचंद्र प्रसाद, आर के वर्मा, जी डी साहू और शिव सेवक पाठक समेत कई लोगों ने संबोधित किया। कार्यक्रम में हसीना तिग्गा, अमिता कुजूर, इसहाक मिंज, मो रफी, नूर मोहम्मद, धनेश्वर गोस्वामी, त्रिलोकी नाथ साहू, धनेश्वर महतो, मन रखन महतो, भवन बारला, डी जे मिंज, एस पी सिंह, शेख हबीब, सुशीला कुजूर और सरोज कुमार केसरी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
