नीतीश कुमार का इस्तीफा और उनका भावुक पोस्ट, नई सरकार के बारे में कही ये अहम बात



PATNA

नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने कहा कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने अपने लंबे कार्यकाल का जिक्र करते हुए बताया कि 24 नवंबर 2005 से राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनने के बाद कानून का राज स्थापित हुआ और विकास की दिशा में लगातार काम हुआ।

हर वर्ग के विकास का किया दावा

नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने सभी वर्गों—हिंदू, मुस्लिम, सवर्ण, पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित और महादलित, के लिए समान रूप से काम किया। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि जैसे हर क्षेत्र में विकास के प्रयास किए गए।

उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं और युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गईं, जिससे सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिला।

पीएम मोदी को दिया श्रेय, भविष्य की योजनाओं का जिक्र

नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने नरेन्द्र मोदी को इसके लिए धन्यवाद देते हुए नमन किया।

उन्होंने बताया कि 2025 से 2030 के लिए “7 निश्चय-3” योजना बनाई गई है, जिससे राज्य के विकास को और गति मिलेगी और बिहार देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।

लंबी सेवा के बाद पद छोड़ा, जनता को धन्यवाद

नीतीश कुमार ने कहा कि उन्होंने वर्षों तक बिहार की सेवा की और अब तय किया था कि मुख्यमंत्री पद छोड़ देंगे। इसी निर्णय के तहत उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया।

उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी राज्य में विकास कार्य जारी रहेंगे और नई सरकार बेहतर काम करेगी। साथ ही उन्होंने बिहार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *