रांची में गैस माफिया पर सख्त ACTION, अवैध रिफिलिंग रैकेट का खुलासा; जब्त हुए इतने सिलेंडर

एदलहातु में अवैध गैस भंडारण का खुलासा, प्रशासन की सख्ती; लगातार जारी रहेगी कार्रवाई



Ranchi

रांची जिला प्रशासन ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एदलहातु इलाके में छापेमारी की। इस दौरान एक मकान से अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग किए जाने का खुलासा हुआ। प्रशासनिक टीम ने मौके से कई सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन और अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

यह कार्रवाई घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत और लगातार मिल रही कालाबाजारी की शिकायतों के बीच की गई है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिले में निगरानी और सख्ती बढ़ाई गई है।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी

जिला प्रशासन को 24 मार्च 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि एदलहातु स्थित एक मकान में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर रात 8:55 बजे टीम ने छापा मारा और मौके पर ही अवैध गतिविधियों की पुष्टि हुई।

जांच में सामने आया कि मकान किराए पर लेकर घरेलू गैस सिलेंडरों को छोटे सिलेंडरों में रिफिल कर बाजार में बेचा जा रहा था।

क्या-क्या हुआ बरामद

छापेमारी के दौरान प्रशासन ने कई प्रकार के गैस सिलेंडर और उपकरण जब्त किए। इनमें इंडेन और एचपी के भरे और खाली घरेलू सिलेंडर, 5 किलो का छोटा सिलेंडर, गो गैस के व्यावसायिक सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन, रेगुलेटर, पाइप और डिजिटल वजन मशीन शामिल हैं।

जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर ही सभी जब्त सामान की विस्तृत सूची तैयार की और बाद में इन्हें संबंधित गैस एजेंसियों को सौंप दिया गया।

कड़ी कार्रवाई और FIR दर्ज

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और संबंधित थाना में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने निर्देश दिया है कि अवैध भंडारण, रिफिलिंग और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाए।

लोगों से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर कहीं भी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन या नजदीकी थाने को सूचित करें।

इसके लिए ईमेल और व्हाट्सएप के माध्यम से भी सूचना देने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि ऐसे मामलों में लगातार छापेमारी और सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *