SPORT DESK
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर आईसीसी वनडे बल्लेबाज रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया है। उन्होंने अपने ही साथी खिलाड़ी रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम पाया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मैच में कोहली ने शानदार 93 रन की पारी खेली थी, जिसका सीधा फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला।
ताजा रैंकिंग के अनुसार विराट कोहली की रेटिंग 785 हो गई है, जबकि न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल 784 रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 775 रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर बने हुए हैं। कोहली ने साल 2021 के बाद दोबारा वनडे में शीर्ष स्थान हासिल किया है।
इस मैच के दौरान विराट कोहली ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28 हजार रन पूरे करने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ सचिन तेंदुलकर और कुमार संगकारा ने हासिल की थी। कोहली ने यह रिकॉर्ड 624 पारियों में पूरा कर सबसे तेज 28 हजार रन बनाने का कारनामा किया।
आईसीसी वनडे बॉलर्स रैंकिंग की बात करें तो अफगानिस्तान के राशिद खान 710 रेटिंग के साथ पहले स्थान पर हैं। इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर दूसरे और भारत के कुलदीप यादव तीसरे नंबर पर मौजूद हैं। वहीं, वनडे ऑलराउंडर्स रैंकिंग में अफगानिस्तान के अजमतुल्लाह उमरजई शीर्ष पर बने हुए हैं, जबकि भारत की ओर से अक्षर पटेल टॉप-10 में शामिल हैं।
