CENTRAL DESK
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका दौरे के बीच अमेरिकी धार्मिक स्वतंत्रता आयोग ने RSS से जुड़े सदस्यों पर लक्षित प्रतिबंध लगाने की मांग की है। आयोग ने अमेरिकी सरकार से भागवत का वीजा रद्द करने पर भी विचार करने को कहा है। अमेरिकी धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (USCIRF) के अध्यक्ष आसिफ महमूद ने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता के उल्लंघन में कथित रूप से शामिल RSS सदस्यों और भारतीय अधिकारियों के खिलाफ लक्षित प्रतिबंधों पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने भागवत का वीजा रद्द करने की भी अपील की।
भागवत इस समय अमेरिका के दौरे पर हैं और शनिवार को न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम को संबोधित करने वाले हैं। USCIRF अमेरिकी सरकार का एक द्विदलीय निकाय है, जो दुनियाभर में धार्मिक स्वतंत्रता की स्थिति की निगरानी करता है और नीतिगत सिफारिशें देता है। इसकी सिफारिशें बाध्यकारी नहीं होतीं। भारत के विदेश मंत्रालय ने पहले भी USCIRF के दावों को खारिज करते हुए आयोग को भारत के प्रति पक्षपाती बताया है। वहीं, RSS ने खुद को धार्मिक असहिष्णुता को बढ़ावा देने वाले संगठन के आरोपों से इनकार किया है।


