RANCHI
सत्य भारती हॉल में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की ओर से छात्र कन्वेंशन का आयोजन किया गया। कन्वेंशन में झारखंड की शिक्षा व्यवस्था, छात्रों के सामने मौजूद समस्याओं और शिक्षा के क्षेत्र में जरूरी सुधारों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कन्वेंशन के मुख्य वक्ता ऐशे घोष ने झारखंड की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा को हर छात्र के लिए सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समान बनाना जरूरी है। उन्होंने शिक्षा के अधिकार और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की जरूरत पर भी जोर दिया।
इस दौरान SFI झारखंड के राज्य कन्वेनर दानिश ने सितंबर महीने से “स्कूल बचाओ अभियान” शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत सरकारी स्कूलों की स्थिति, छात्रों की समस्याओं और शिक्षा के अधिकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कन्वेंशन में SFI के रांची कन्वेनर फिजा, ओजस्वी राज, फैजान खान, सोमा, ज्योति, रवि कुमार, सुकेशी कर्मकार, छूटनी असुर, विक्की मिंज, रोहित केरकेट्टा और फराज अब्बास सहित कई छात्र-छात्राएं एवं संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए।
SFI ने कहा कि झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन आने वाले दिनों में व्यापक अभियान और आंदोलन चलाएगा। “स्कूल बचाओ अभियान” के जरिए सरकारी स्कूलों की स्थिति और छात्रों से जुड़े सवालों को सार्वजनिक स्तर पर उठाने की तैयारी है।


