PALAMU
पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित पोखराहा में नेशनल हाईवे पर बने पुलिस चेकपोस्ट को क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में जेएलकेएम के एक नेता समेत 34 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 125 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून-व्यवस्था भंग करने सहित कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दरअसल, गुरुवार को पोखराहा में नेशनल हाईवे बाईपास के समीप हुए सड़क हादसे में मजीद अंसारी की मौत हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस की स्थायी चेकपोस्ट को तोड़ दिया और मौके पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
सूचना मिलने पर सदर एसडीएम संजय पांडेय और एसडीपीओ राजेश यादव मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। करीब साढ़े चार घंटे तक चले हंगामे और सड़क जाम के बाद प्रशासन ने लोगों को समझा-बुझाकर रास्ता खाली कराया।
ग्रामीणों की मांग थी कि नेशनल हाईवे और पांकी रोड के क्रॉसिंग प्वाइंट पर सुरक्षा के स्थायी इंतजाम किए जाएं या वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाए, क्योंकि इस स्थान पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले 15 दिनों के भीतर इसी स्थान पर तीन लोगों की जान जा चुकी है, जिससे इलाके में भारी नाराजगी और असुरक्षा का माहौल है।
