झारखंड में 1 अप्रैल से जनगणना की शुरुआत: घर-घर पहुंचेगी टीम, पूछे जाएंगे ये 40 सवाल





RANCHI

झारखंड में एक अप्रैल से जनगणना का पहला चरण शुरू होने जा रहा है। इस चरण में मकान सूचीकरण और आवास गणना का काम किया जाएगा, जिसके तहत राज्य के घरों, परिवारों और उनकी जीवन स्थिति से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाई जाएंगी।

इस प्रक्रिया में सरकारी कर्मी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इसके साथ ही लोग चाहें तो स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं, हालांकि इसके बाद भी कर्मियों द्वारा सत्यापन किया जाएगा। इस चरण में लगभग 33 से 40 सवाल पूछे जाएंगे।

जनगणना के दौरान मकान से जुड़ी कई जानकारियां ली जाएंगी, जैसे भवन संख्या, मकान की बनावट, दीवार और छत में इस्तेमाल सामग्री, मकान का उपयोग और उसकी स्थिति। इसके अलावा परिवार में रहने वाले लोगों की संख्या और घर की स्थिति के बारे में भी जानकारी दर्ज की जाएगी।

परिवार से संबंधित विवरण में मुखिया का नाम, लिंग, सामाजिक वर्ग और मकान के स्वामित्व की स्थिति के बारे में पूछा जाएगा। साथ ही यह भी जाना जाएगा कि परिवार किराए के मकान में रहता है या खुद के घर में।

सुविधाओं के तहत पानी का स्रोत, बिजली या अन्य रोशनी की व्यवस्था, शौचालय, रसोई, ईंधन, स्नान की सुविधा और गंदे पानी की निकासी जैसे विषय शामिल होंगे। इसके अलावा घर में उपलब्ध संसाधनों जैसे रेडियो, टेलीविजन और अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली जाएगी।

डिजिटल और परिवहन सुविधाओं के तहत इंटरनेट, कंप्यूटर, मोबाइल फोन, साइकिल, मोटरसाइकिल और कार जैसी चीजों की उपलब्धता के बारे में पूछा जाएगा।

सामाजिक और आर्थिक स्थिति को समझने के लिए परिवार के बैंक खाते, आय का स्रोत, घर में चल रहे व्यवसाय, किसी विकलांग सदस्य की जानकारी और बाहर काम करने वाले सदस्यों के बारे में भी सवाल किए जाएंगे।

यह चरण राज्य की सामाजिक और आर्थिक तस्वीर को समझने में अहम भूमिका निभाएगा, जिससे आगे की योजनाएं बनाने में सरकार को मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *