RANCHI
रांची से बड़ी अपडेट सामने आई है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है। काउंसिल ने प्रवेश पत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in पर अपलोड कर दिया है। हालांकि छात्र स्वयं एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पाएंगे। इसे डाउनलोड करने की जिम्मेदारी केवल संबंधित स्कूल या कॉलेज के प्रधानाचार्यों को दी गई है।
JAC की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सभी विद्यार्थी अपने-अपने स्कूल से ही एडमिट कार्ड प्राप्त करेंगे। काउंसिल ने शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड कर छात्रों तक पहुंचाया जाए, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की दिक्कत न हो।
3 फरवरी से शुरू होगी परीक्षा
जैक 10वीं बोर्ड की लिखित परीक्षा 3 फरवरी 2026 से शुरू होकर 17 फरवरी 2026 तक चलेगी। परीक्षा का समय सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तय किया गया है। छात्रों को प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी मिलेगा। इसके बाद 24 फरवरी से 7 मार्च 2026 के बीच प्रैक्टिकल और वाइवा परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव
इस साल परीक्षा प्रश्न-सह-उत्तर पुस्तिका के माध्यम से ली जाएगी। छात्रों को अलग से OMR शीट नहीं दी जाएगी। बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर भी उसी उत्तर पुस्तिका में लिखने होंगे।
परीक्षा में 30 प्रतिशत अंक बहुविकल्पीय प्रश्नों के होंगे, 50 प्रतिशत अंक लघु एवं दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि 20 प्रतिशत अंक आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर दिए जाएंगे।
स्कूल ऐसे करेंगे एडमिट कार्ड डाउनलोड
प्रधानाचार्य को JAC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ‘Download Admit Card Secondary Exam 2026’ लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद कक्षा 10वीं परीक्षा पोर्टल का चयन कर लॉगिन विवरण भरना होगा। स्क्रीन पर एडमिट कार्ड दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट निकालकर छात्रों में वितरित किया जाएगा।
JAC की इस घोषणा के बाद राज्यभर में लाखों छात्रों की परीक्षा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। काउंसिल ने छात्रों से अपील की है कि वे समय पर एडमिट कार्ड प्राप्त कर उसमें दर्ज सभी जानकारियों को ध्यान से जांच लें।
