नीतीश कुमार पर महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने का आरोप मामले में रांची में केस दर्ज

नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने का आरोप लगा है

Ranchi

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ रांची के इटकी थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान एक महिला डॉक्टर का कथित रूप से हिजाब हटाने के मामले से जुड़ी है। शिकायत सामाजिक कार्यकर्ता मो. मुर्तजा आलम द्वारा दर्ज कराई गई है।

थाना में दी गई शिकायत में कहा गया है कि नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा महिला डॉक्टर का हिजाब खींचने की घटना अब सार्वजनिक डोमेन में आ चुकी है। शिकायतकर्ता ने इस कृत्य को आपत्तिजनक बताते हुए कहा है कि धार्मिक परिधान के साथ सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार न केवल अनुचित है, बल्कि इससे महिला की गरिमा, लज्जा और शारीरिक स्वायत्तता पर सीधा आघात होता है।

लिखित शिकायत में पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। बताया गया है कि यह घटना बीते सोमवार की है, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र वितरित कर रहे थे।

शिकायत के अनुसार, मुख्यमंत्री ने महिला डॉक्टर नुसरत को नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद उनके हिजाब की ओर इशारा करते हुए पूछा कि यह क्या है। महिला डॉक्टर ने जवाब दिया कि यह हिजाब है। आरोप है कि इसके बाद मुख्यमंत्री ने हिजाब हटाने को कहा और कथित रूप से स्वयं अपने हाथ से महिला डॉक्टर का हिजाब हटा दिया। यह पूरा घटनाक्रम सार्वजनिक मंच पर हुआ, जिसके बाद अब इसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है और कानूनी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *