धनबाद के MENERVA DIGITAL में सीक्रेट ब्लूटूथ गेम का पर्दाफाश, SSC परीक्षा में हाईटेक चीटिंग; 3 अरेस्ट

स्पाई ईयरपीस से चल रहा था खेल, 8 लाख की डील का खुलासा; गोविंदपुर में पुलिस की रेड

DHANBAD

जिले में एसएससी (एमटीएस) ऑनलाइन परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल का बड़ा खुलासा हुआ है। गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित मिनर्वा डिजिटल परीक्षा केंद्र में चल रही परीक्षा के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो परीक्षार्थियों समेत परीक्षा केंद्र संचालक को गिरफ्तार किया है।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि 4 फरवरी से 12 फरवरी तक केंद्र पर एसएससी (एमटीएस) की परीक्षा आयोजित की जा रही थी। 12 फरवरी को दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान सेंटर को-ऑर्डिनेटर के जरिए कदाचार की सूचना मिली। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

तलाशी के दौरान दो परीक्षार्थियों के कान से अत्याधुनिक ब्लूटूथ डिवाइस (स्पाई ईयरपीस) बरामद किया गया। पुलिस ने इनके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

गिरफ्तार अभ्यर्थियों की पहचान रौनक कुमार और बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। दोनों बिहार के लखीसराय जिले के निवासी हैं। वहीं तीसरा आरोपी शशि कुमार, जो बिहार के नालंदा का रहने वाला है, परीक्षा केंद्र में रजिस्ट्रेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि परीक्षा पास कराने के नाम पर प्रति अभ्यर्थी करीब 8 लाख रुपये की डील तय की गई थी। इसमें से लगभग 2.5 लाख रुपये अग्रिम के तौर पर लिए गए थे।

इस मामले में गोविंदपुर थाना कांड संख्या 68/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। धनबाद पुलिस की इस कार्रवाई को परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले गिरोह पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *