Ranchi/Giridih
गिरिडीह नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने बागी उम्मीदवारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के आरोप में कामेश्वर पासवान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यालय, रांची से जारी पत्र में 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। यह नोटिस डॉ प्रदीप वर्मा, प्रदेश महामंत्री, सांसद सह मुख्यालय प्रभारी के हस्ताक्षर से जारी हुआ है।
पत्र में कहा गया है कि पार्टी के संज्ञान में आया है कि संबंधित नेता पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं, जो अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार सात दिनों के अंदर जवाब नहीं देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, गिरिडीह नगर निगम चुनाव में कामेश्वर पासवान के चुनाव मैदान में उतरने को पार्टी ने अनुशासनहीनता माना है। इस कदम के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें उनके जवाब और पार्टी की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
