राजस्व व्यवस्था में बड़ा बदलाव, 1 जनवरी से ऑनलाइन होंगे जमीन के दस्तावेज, जमीन के कागजों के लिए अब दफ्तर नहीं जाना पड़ेगा, 1 जनवरी से ऑनलाइन सिस्टम लागू
Patna
बिहार में 1 जनवरी से जमीन से जुड़े सभी दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही डिजिटल हस्ताक्षरित कॉपी को कानूनी मान्यता दी जाएगी।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद जमीन के कागजातों के लिए लोगों को राजस्व कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। दस्तावेज पोर्टल से सीधे डाउनलोड किए जा सकेंगे। सरकार का दावा है कि इससे भ्रष्टाचार पर रोक, समय की बचत और भूमि मामलों में पारदर्शिता आएगी।
कहा गया है कि अब तक पोर्टल पर राजस्व अभिलेखों की स्कैन कॉपी उपलब्ध थी, जिसके लिए शुल्क जमा कर दस्तावेज डाउनलोड किए जाते थे। नई व्यवस्था के तहत इन डिजिटल प्रतियों को आधिकारिक मान्यता दी जाएगी।
यदि किसी रैयत के दस्तावेज पोर्टल पर उपलब्ध नहीं हैं, तो उसके लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की गई है। आवेदन के बाद संबंधित दस्तावेज को डिजिटल रूप में अपलोड किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस फैसले से आम लोगों को राहत मिलेगी, समय की बचत होगी और भूमि विवादों से जुड़े मामलों में भी स्पष्टता आएगी।
