108 एम्बुलेंस कर्मचारियों का ऐलान: 13 मार्च को रांची श्रम भवन घेराव, विभिन्न मांगों पर पर आर-पार की चेतावनी

भ्रष्टाचार, वेतन कटौती और भविष्य निधि अनियमितता



RANCHI

राज्य में संचालित 108 एम्बुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने प्रबंधन पर भ्रष्टाचार, तानाशाही और आर्थिक शोषण का आरोप लगाते हुए 13 मार्च 2026 को श्रम भवन, डोरंडा में घेराव और महाप्रदर्शन करने की घोषणा की है।

झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ, जो भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध है, के नेतृत्व में कर्मचारियों ने आंदोलन का ऐलान किया है। संघ के प्रदेश महामंत्री सूरज साहू ने आरोप लगाया कि सेवा संचालन संस्था सम्मान फाउंडेशन द्वारा श्रम कानूनों का उल्लंघन किया जा रहा है और 30 जुलाई 2025 को हुए समझौते सहित अन्य सहमतियों को लागू नहीं किया गया है।

प्रमुख आरोप और मुद्दे

भविष्य निधि और बीमा अंशदान में अनियमितता: कर्मचारियों का कहना है कि फरवरी 2025 से अक्टूबर 2025 तक भविष्य निधि और कर्मचारी राज्य बीमा की राशि जमा नहीं की गई। नवंबर माह में कटौती के बावजूद राशि संबंधित खातों में जमा नहीं कराई गई तथा दिसंबर में भी पूर्ण राशि जमा नहीं होने का आरोप है।

वेतन भुगतान में देरी और कटौती: फरवरी से लगातार वेतन भुगतान में विलंब और मनमानी कटौती का आरोप लगाया गया है, जिससे कर्मचारी आर्थिक और मानसिक दबाव में हैं।

ग्रेच्युटी भुगतान लंबित: वर्ष 2017 से 2023 तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को Ziqitza Health Care Limited द्वारा अब तक ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं किए जाने का आरोप है।

भत्तों का अभाव: 100 किलोमीटर से अधिक अंतर-संस्थानिक मरीज स्थानांतरण करने वाले कर्मचारियों को भोजन भत्ता और अतिरिक्त समय का भुगतान नहीं मिलने की भी शिकायत है।

प्रशासनिक स्तर पर शिकायत

संघ का कहना है कि श्रमायुक्त और संबंधित विभागों को कई बार पत्र भेजे गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। चेतावनी दी गई है कि यदि 12 मार्च तक मांगों पर समाधान नहीं हुआ और संबंधित संस्था तथा जिला प्रबंधक पर कार्रवाई नहीं की गई, तो 13 मार्च को राज्यभर के कर्मचारी श्रम भवन के समक्ष प्रदर्शन करेंगे।

संघ द्वारा श्रम मंत्री, विभागीय सचिव, उपायुक्त और अनुमंडलीय पदाधिकारी को भी ज्ञापन भेजे जाने की जानकारी दी गई है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि वे अपने अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *