RANCHI
रांची महापौर प्रत्याशी रोशनी खलको ने सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में पदयात्रा और जनसंपर्क अभियान चलाया। चिरौंदी, लें बस्ती बड़गाईं, गौरीशंकर नगर से नॉर्थपाड़ा, साउथ ऑफिस पारा होते हुए डोरंडा बाजार तक और डिबडी में बैठक कर उन्होंने स्थानीय लोगों से समर्थन मांगा।
पदयात्रा के दौरान रोशनी खलको ने कहा कि शहर के हर कोने से उन्हें जनता का आशीर्वाद और प्यार मिल रहा है। लगातार मिल रहे समर्थन से यह साफ महसूस हो रहा है कि रांची की जनता बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चुनावी यात्रा नहीं, बल्कि रांची के विकास का संकल्प यात्रा है।
जनसंपर्क के दौरान उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर के सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। रांची को स्मार्ट सिटी के साथ-साथ नंबर वन शहर बनाने के लिए बुनियादी ढांचे पर मजबूती से काम किया जाएगा।
रोशनी खलको ने सभी वार्डों में जल स्रोतों के संरक्षण, नए खेल पार्कों के निर्माण और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार का वादा किया। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए योजनाबद्ध और पारदर्शी कार्यशैली अपनाई जाएगी।
इस दौरान उनके साथ रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची विधायक सी पी सिंह, भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, के के गुप्ता, पूर्व कांके विधायक समरी लाल, शशांक राज सहित सैकड़ों समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
