पलामू- अरुणा शंकर के समर्थन में उतरे शशि भूषण मेहता, पलामू दौरे पर रघुवर दास से गरमाई सियासत

अरुणा शंकर को कुशवाहा समाज का साथ, शशि भूषण मेहता के ऐलान के बीच रघुवर दास की जनसभाएं तय


PALAMU


मेदिनी नगर नगर निगम चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार अरुणा शंकर के पक्ष में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। होटल ज्योतिलोक में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पांकी विधायक शशि भूषण मेहता ने खुलकर अरुणा शंकर का समर्थन किया और कहा कि कुशवाहा समाज पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा है।

शशि भूषण मेहता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा कुशवाहा समाज को सम्मान और प्रतिनिधित्व दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने समाज के लोगों को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचाया है। उन्होंने खुद को उदाहरण बताते हुए कहा कि भाजपा ही ऐसा मंच है, जहां समाज को वास्तविक भागीदारी मिलती है। इस अवसर पर बिगन मेहता, प्रकाश मेहता और विजय मेहता सहित कई समर्थक मौजूद रहे।

इधर चुनावी माहौल को और धार देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास दो दिवसीय दौरे पर पलामू आ रहे हैं। 18 फरवरी 2026 को शाम 6 बजे वे छः मुहान स्थित काली मंदिर से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करेंगे और बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए जय भवानी चौक पर जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं 19 फरवरी की सुबह 9 बजे चैनपुर बाजार क्षेत्र में भी वे सभा कर अरुणा शंकर के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।

रघुवर दास के दौरे को लेकर अरुणा शंकर ने निगम क्षेत्र के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे दोनों कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर चुनाव अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने मतदाताओं से 23 फरवरी को एयर कंडीशनर चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों की निरंतरता और अधूरे कार्यों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है।

नगर निगम चुनाव को लेकर अब सियासी सरगर्मी चरम पर है और अरुणा शंकर के समर्थन में शशि भूषण मेहता और रघुवर दास की सक्रियता ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *