DHANBAD
नगर निकाय चुनाव को लेकर धनबाद जिला प्रशासन ने लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रथम प्रशिक्षण सत्र में अनुपस्थित रहने वाले 239 कर्मियों को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया है।
यह कार्रवाई जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) आदित्य रंजन के निर्देश पर की गई है। प्रशासन के अनुसार इन कर्मियों की प्रतिनियुक्ति मतदान दल के सदस्य के रूप में की गई थी और उन्हें पहले ही नियुक्ति पत्र भेजकर प्रशिक्षण की तिथि, समय और स्थान की जानकारी दे दी गई थी।
निर्धारित तिथि पर प्रशिक्षण में उपस्थित नहीं होने को प्रशासन ने गंभीर माना है। उपायुक्त ने कहा कि चुनाव जैसे संवैधानिक दायित्व से जुड़े कार्य में अनुपस्थिति स्वेच्छाचारिता और कर्तव्यहीनता दर्शाती है।
24 घंटे में मांगा गया जवाब
सभी अनुपस्थित कर्मियों को 24 घंटे के भीतर कार्मिक कोषांग में लिखित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने कहा है कि निकाय चुनाव की प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चुनाव ड्यूटी से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
