लोक भवन में गणतंत्र दिवस की यादगार शाम, राज्यपाल की मौजूदगी में एट होम कार्यक्रम, प्रतिभाएं हुईं सम्मानित

बैंड डिस्प्ले ने मोहा मन, झांकीपरेडबैंड प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला सम्मान

RANCHI


गणतंत्र दिवस समारोह–2026 के तहत सोमवार को लोक भवन, रांची में सामूहिक बैंड डिस्प्ले और ‘एट होम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो, पुलिस महानिदेशक, पद्म पुरस्कार से सम्मानित विशिष्टजन, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सैन्य अधिकारी तथा अन्य गणमान्य अतिथि शामिल हुए।

समारोह के दौरान 11वीं बटालियन राजपूताना राइफल्स, 6/8 जीआर, जैप–1, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और विवेकानंद विद्या मंदिर, रांची की बैंड टीमों ने आकर्षक और अनुशासित बैंड डिस्प्ले प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

इस मौके पर राज्यपाल द्वारा मोरहाबादी मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह–2026 के अंतर्गत झांकी, परेड और बैंड प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। झांकी प्रतियोगिता में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को पहला स्थान, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को दूसरा, जबकि वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

परेड प्रतियोगिता में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने प्रथम स्थान हासिल किया, सेना को द्वितीय और एनसीसी (महिला) को तृतीय स्थान मिला। वहीं बैंड प्रतियोगिता में जैप–1 प्रथम, सेना द्वितीय और जैप–10 (महिला) तृतीय स्थान पर रही।

गणतंत्र दिवस के इस आयोजन ने एक बार फिर अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूती से उजागर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *