वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में इंफोसिस ग्लोबल के साथ टेक्नोलॉजी और AI सहयोग पर चर्चा, CM हेमंत के विजन की प्रशंसा




Davos/Ranchi

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इंफोसिस ग्लोबल (कैलिफ़ोर्निया) के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट आशीष कुमार दास ने मुलाकात की। बैठक में झारखण्ड के दीर्घकालिक विकास विज़न और तकनीक आधारित ग्रोथ को लेकर सहयोग की संभावनाओं पर व्यापक और उत्साहवर्धक चर्चा हुई।

इंफोसिस प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्य और दूरदर्शी विज़न की सराहना की। विशेष रूप से री-स्किलिंग, टेक्नोलॉजी टॉवर की परिकल्पना और उन्नत तकनीकी हस्तक्षेपों के माध्यम से खनन क्षेत्र के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को राज्य सरकार की अहम प्राथमिकता बताया गया।

बैठक में झारखण्ड के युवाओं को डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कौशलों से सशक्त बनाने पर सहमति बनी। इस दिशा में इंफोसिस के विंग्सपैन प्लेटफॉर्म की संभावित भूमिका पर आगे चर्चा का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही खनन क्षेत्र में उत्पादकता, सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने के लिए इंफोसिस द्वारा विकसित एआई आधारित डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन सॉल्यूशंस को प्रस्तुत करने पर भी सहमति बनी। इसे लेकर फरवरी माह में एक वर्चुअल सत्र आयोजित किया जाएगा।

तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने के तहत इंफोसिस ग्लोबल की ओर से मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को इंफोसिस हाउस भ्रमण का आमंत्रण भी दिया गया है, जहां अत्याधुनिक एआई आधारित नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा। दावोस में आईटी, एआई और उभरती तकनीकों पर हो रही ये बैठकें युवा झारखण्ड को एक मजबूत और भविष्य-संरेखित दिशा देने की पहल मानी जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *