झारखंड नवनिर्माण रैली से अठावले का खुला प्रस्ताव, कांग्रेस पर भी साधा निशाना
RANCHI
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के अध्यक्ष और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने झारखंड में पार्टी को मजबूत करने की औपचारिक शुरुआत कर दी है। पुराना विधानसभा भवन के समीप शहीद मैदान में आयोजित झारखंड नवनिर्माण रैली में उन्होंने न सिर्फ अपनी पार्टी की प्रदेश कमेटी की घोषणा की, बल्कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मंच से एक खुला राजनीतिक प्रस्ताव भी दे दिया।
रैली को संबोधित करते हुए आठवले ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कांग्रेस का साथ छोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आते हैं, तो झारखंड का विकास और तेज़ी से होगा। उन्होंने दावा किया कि एनडीए के साथ आने पर राज्य को धन की कोई कमी नहीं होगी और केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा।
रामदास आठवले ने झारखंड के छात्रों से जुड़े लंबित छात्रवृत्ति के मुद्दे पर भी बयान दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में दिल्ली में मंत्री चमरा लिंडा से उनकी मुलाकात हुई थी, जिसके बाद उन्होंने अपने विभाग को निर्देश जारी कर दिए हैं। आठवले के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर छात्रवृत्ति की राशि जारी कर दी जाएगी।
निकाय चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी के कई कार्यकर्ता चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं और इस पर संगठन स्तर पर विचार किया जाएगा। वहीं आगामी विधानसभा चुनाव पर साफ कहा कि फिलहाल RPI झारखंड में पूरी तरह मजबूत नहीं है, इसलिए भाजपा की ओर से अभी सीट मिलने की संभावना नहीं है। पहले संगठन को मज़बूत किया जाएगा, उसके बाद भाजपा के साथ सहमति बनाकर चुनाव लड़ा जाएगा।
अपने भाषण में आठवले ने झारखंड आंदोलन और शिबू सोरेन के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड के लिए बड़ा आंदोलन खड़ा किया और राज्य निर्माण में उनका अहम योगदान रहा है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आठवले ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में फैसले बिना ठोस सोच के लिए जाते थे, जिससे विकास अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाया। उन्होंने दावा किया कि 2014 के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का विकास तेज़ हुआ है और भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगी है।
आठवले ने यह भी घोषणा की कि मुंबई में झारखंड भवन बनाया जाएगा, जिससे झारखंड के व्यवसायियों को सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि एनडीए को जनता का समर्थन स्वाभाविक रूप से मिलता है और वोट चोरी जैसी किसी चीज़ की जरूरत नहीं है।
अपने तीखे राजनीतिक बयान में उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब ज़ीरो हो चुकी है, इसलिए मोदी देश के हीरो हैं। साथ ही राहुल गांधी को अपने व्यवहार और राजनीति में बदलाव लाने की सलाह भी दी।
