दावोस में कल्पना सोरेन की Apollo Hospitals की एमडी सुनीता रेड्डी संग की महत्वपूर्ण मीटिंग

महिला नेतृत्व, हेल्थ सेक्टर और समावेशी विकास पर हुई बातचीत

Ranchi/Davos/Switzerland

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम–2026 के दौरान स्विट्ज़रलैंड के दावोस में विधायक कल्पना सोरेन ने Apollo Hospitals की मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता रेड्डी से मुलाक़ात की। इस दौरान हेल्थकेयर सेक्टर में संभावनाओं, महिला नेतृत्व और सामाजिक रूप से समावेशी विकास जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए।

दावोस में इस बार झारखंड की उपस्थिति सिर्फ निवेश तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला उद्यमिता और नेतृत्व जैसे अहम मुद्दों पर राज्य की स्पष्ट सोच को वैश्विक मंच पर रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन दो बड़े अंतरराष्ट्रीय सत्रों में मुख्य वक्ता के रूप में हिस्सा ले रही हैं, जिसे महिला सशक्तीकरण की दिशा में झारखंड सरकार की मजबूत पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

20 जनवरी को दावोस स्थित झारखंड हाउस में झारखंड सरकार और ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के वूमेन एंपावरमेंट विंग के सहयोग से एक पैनल चर्चा आयोजित की जाएगी। इस चर्चा में महिला उद्यमिता की भूमिका और टिकाऊ अर्थव्यवस्था के निर्माण पर फोकस रहेगा।

इसके अलावा, दावोस के प्रोमेनेड 73 स्थित वी-लीड (Women Leadership Lounge) में एक और सत्र आयोजित होगा, जहां नई अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में महिलाओं की निर्णायक भूमिका पर मंथन किया जाएगा।

इस मौके पर कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड से लेकर दावोस तक यह संवाद इस बात को दर्शाता है कि महिलाएं सिर्फ विकास का हिस्सा नहीं, बल्कि विकास की असली ताकत हैं। उन्होंने जोर दिया कि समावेशी और मजबूत अर्थव्यवस्था के निर्माण में महिला नेतृत्व की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

इन आयोजनों के जरिए झारखंड सरकार निवेश, सामाजिक न्याय और टिकाऊ विकास को लेकर अपनी नीतियों और विज़न को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और नीति निर्माताओं के सामने प्रभावी ढंग से रख रही है। गेट्स फाउंडेशन, CII और Alliance for Global Good जैसी संस्थाओं का सहयोग इन कार्यक्रमों की वैश्विक अहमियत को और मजबूत करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *