HAZARIBAGH
बड़कागांव प्रखंड के नपोकला गांव में माँ काली पूजा समिति की ओर से आयोजित भव्य काली पूजा पंडाल का उद्घाटन कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव सह पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी।
जनसमूह को संबोधित करते हुए अंबा प्रसाद ने कहा कि माँ काली शक्ति की प्रतीक हैं, जो अंधकार का नाश कर प्रकाश का मार्ग दिखाती हैं, लेकिन आज बड़कागांव दो बड़े संकटों से गुजर रहा है। एक ओर विस्थापन लोगों की जमीन और पहचान छीन रहा है, वहीं दूसरी ओर नशे का बढ़ता जाल क्षेत्र के युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रहा है।
उन्होंने हाल की पुलिस कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि ब्राउन शुगर जैसे नशे में युवाओं का फंसना बेहद चिंताजनक है। जिस उम्र में भविष्य गढ़ने का समय होना चाहिए, उस उम्र में नशा पूरे परिवार और समाज को नुकसान पहुंचा रहा है। अंबा प्रसाद ने युवाओं से सवाल किया कि वे नशे की पहचान चाहते हैं या कर्म और संघर्ष की।
विस्थापन के मुद्दे पर उन्होंने सरकार और संबंधित कंपनियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से अपने हक और अधिकार की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र के भविष्य और अधिकारों की रक्षा में लगाएं।
अपने संबोधन के अंत में अंबा प्रसाद ने पूजा समिति और स्थानीय लोगों से नशे के खिलाफ सामाजिक आंदोलन शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बड़कागांव की पहचान विकास, संघर्ष और जागरूकता से होनी चाहिए, न कि अपराध और नशे से।
इस मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष पंकज यादव, कोषाध्यक्ष अजय यादव, राजकुमार यादव, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष विशेष्वर नाथ चौबे, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि चंद्रिका साव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने अंबा प्रसाद के विचारों का जोरदार समर्थन किया।
