Ranchi
झारखंड प्रदेश जनता दल यूनाइटेड की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 10 जनवरी (शनिवार) को आयोजित की जाएगी। यह जानकारी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि पहले यह बैठक 5 जनवरी को प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसे 10 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।
सागर कुमार ने बताया कि बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो एवं विधायक सरयू राय रांची से पार्टी के सदस्यता अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे। इसके बाद राज्य के सभी जिलों में सदस्यता अभियान को जोर-शोर से चलाया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य इस अभियान के माध्यम से राज्य भर में पांच लाख नए सदस्यों को जोड़ने का है।
प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि बैठक बीआईटी मोड़ के समीप स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद खीरू महतो करेंगे। इस अवसर पर विधायक सरयू राय भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में जदयू के सभी जिला एवं नगर अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे।
