Ranchi
भारतीय सिनेमा के चर्चित कॉस्ट्यूम डिजाइनर और फिल्मफेयर अवार्ड विजेता दर्शन जालान को फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से सम्मानित किया गया। चैम्बर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में दर्शन जालान अपने माता-पिता और परिवार के सदस्यों के साथ मौजूद रहे।
फिल्म लापता लेडीज के लिए बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइन का फिल्मफेयर अवार्ड मिलने पर चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने इसे पूरे झारखंड के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और दर्शन जालान जैसे कलाकार राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फैशन डिजाइनिंग और फिल्म निर्माण जैसे क्षेत्रों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार से लगातार संवाद किया जाएगा। झारखंड में नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) की स्थापना और फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन देने के प्रयास दोबारा तेज किए जाएंगे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद दर्शन जालान ने कहा कि उनकी सफलता में परिवार और मित्रों की अहम भूमिका रही है। उन्होंने झारखंड में फैशन डिजाइनिंग से जुड़े संस्थानों की जरूरत पर जोर दिया और बताया कि उनके हालिया प्रोजेक्ट्स में ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मिर्जापुर सीरीज और साली मोहब्बत शामिल हैं। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि अनुभव और स्किल बढ़ाने के लिए दूसरे शहरों में काम करने से हिचकिचाएं नहीं।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड की फिल्म नीति और सब्सिडी के अभाव का मुद्दा भी उठा। इस पर चैम्बर अध्यक्ष ने सरकार से ठोस पहल की जरूरत पर सहमति जताई। झारखंड चैम्बर की फिल्म, कला एवं संस्कृति उप-समिति के चेयरमैन आनंद जालान ने कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण और स्थानीय कलाकारों को अवसर दिलाने के लिए नीतिगत स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।
सरला बिरला यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर डॉ. गोपाल पाठक ने अभिभावकों से बच्चों की रुचि के अनुसार करियर चयन में सहयोग करने की अपील की और घोषणा की कि अगले वर्ष यूनिवर्सिटी में फैशन डिजाइनिंग का कोर्स शुरू किया जाएगा। दर्शन जालान की माता उषा जालान ने कहा कि किसी कलाकार के लिए फिल्मफेयर अवार्ड सबसे बड़ा सपना होता है और बच्चों की प्रतिभा को पहचान कर सहयोग देना जरूरी है। कार्यक्रम में चैम्बर पदाधिकारियों, उद्योग जगत, कला-संस्कृति और फिल्म क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
