रांची
झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले INDIA गठबंधन के साझेदारों के बीच उभर रही दरार अब भरती हुई नजर आ रही है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता मनोज कुमार झा का ताजा बयान सामने आया है। उन्होंने रविवार को कहा कि कुछ फैसलों से फासला है, उस फासले को भी पाट लिया जाएगा। सनद रहे एक दिन पहले राजद ने झामुमो और कांग्रेस की ओर से विधानसभा की 81 में से 70 सीटों पर लड़ने के ऐलान के बाद शनिवार को निराशा जताई थी।
राजद के प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने रविवार को कहा- 12-13 सीटों से कम मंजूर नहीं है। राजद की 18-20 सीटों पर मजबूत पकड़ है। हालांकि मनोज कुमार झा ने यह भी कहा कि हमारा एकमात्र मकसद भाजपा को हराना है, हम INDIA ब्लॉक को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। झारखंड में यदि हम अकेले भी चुनाव लड़ेंगे तो भी 60 से 62 सीटों पर इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे।’
जब संवाददाताओं ने सवाल किया कि क्या गठबंधन पर सारे फैसले हो गए हैं। इस पर मनोज कुमार झा ने कहा, ‘आप लोग अंकों में फंसे पड़े हैं और हम जिताने में लगे हुए हैं। देखिए कुछ फैसलों से फासला है, वह भी खत्म हो जाएगा।’
गौरतलब है कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को घोषणा की थी कि आगामी विधानसभा चुनाव में झामुमो और कांग्रेस 70 सीट पर चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद राजद की प्रतिक्रिया सामने आई थी। इसमें सीट बंटवारे पर सामने आए बयान को लेकर निराशा जताई गई थी। राजद के प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने कहा था कि हम हमें दी गई सीटों पर निराशा व्यक्त करते हैं। यह एकतरफा फैसला है। इस बारे में हमसे राय नहीं ली गई थी।
बात यहां तक बढ़ गई थी कि राजद ने यह भी कह दिया था कि वह 15 से 18 सीटों पर अकेले भाजपा को हरा सकती है। मनोज कुमार झा ने कहा था कि राजद ने झारखंड में कम से कम 15 से 18 ऐसी सीटों की पहचान कर ली है जहां पर वह अकेले भाजपा को हरा सकती है। सीटों के ऐलान से पहले उचित विचार विमर्श की प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए था। हमारी पर्याप्त ताकत है। कोई भी दल अपने समर्थकों की भावनाओं को खारिज नहीं कर सकता है।