राष्ट्रीय इंस्पायर-मानक अक्टूबर में, 60 नन्हें वैज्ञानिकों को जापान जाने का मौका; 15 सितंबर तक नॉमिनेशन


Bhubaneswar (Odisha)

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST), भारत सरकार के अधीन संचालित नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (NIF) के भुवनेश्वर कार्यालय में 25 अगस्त 2026 को “इंस्पायर-मानक” योजना के अंतर्गत राज्य नोडल अधिकारियों की एक दिवसीय बैठक आयोजित की गयी। इसमें देशभर के 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के नोडल अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में स्कूली स्तर पर नवाचार को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।

   NIF के निदेशक डॉ अरविंद सी. रानाडे ने योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सत्र 2026-27 के लिए नॉमिनेशन की अंतिम तिथि 15 सितम्बर से पूर्व प्रत्येक स्कूल की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया. पिछले वर्ष 11 लाख आईडिया को 25 लाख पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में कैपेसिटी बिल्डिंग डिवीज़न के हेड डॉ उमेश शर्मा ने कहा कि हम एकत्रित होकर काम करें, तो युवा शक्ति से देश को बदल देंगे.इंस्पायर-मानक के समन्वयक देवेंद्र तिवारी ने योजना की वर्तमान स्थिति पर प्रस्तुतिकरण दिया। 12वां राष्ट्रीय इंस्पायर-अवॉर्ड प्रतियोगिता अक्तूबर में नई दिल्ली में होगी। बैठक में झारखंड का प्रतिनिधित्व सहायक राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ शाहनवाज कुरैशी ने की. कार्यक्रम में स्वागत भाषण NIF भुवनेश्वर कार्यालय प्रमुख डॉ विवेक कुमार और धन्यवाद ज्ञापन डॉ संदीप बंसल ने किया।

झारखंड : नॉमिनेशन की रफ्तार बढ़ाने का आह्वान

राज्य नोडल अधिकारी सह क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक नीलम आईलीन टोप्पो ने 15 सितंबर तक नॉमिनेशन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। इस बाबत राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक को पत्र भेजा गया है। 2025-26 में झारखंड ने 45336 नॉमिनेशन के साथ देश में 10वां स्थान प्राप्त किया था। इसमें राज्य के 10886 स्कूलों ने भाग लिया. उन्होंने कहा कि इस वर्ष अब तक मात्र 4204 नॉमिनेशन किया गया है. उन्होंने सीबीएसई, नवोदय और केंद्रीय विद्यालयों से भी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। मौके पर डॉ नीतिन मौर्या, डॉ राहुल प्रकाश आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *