RANCHI
झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन सोमवार को निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया। राजधानी रांची में राज्य के अलग-अलग जिलों से जुटे आंदोलनकारी छात्र विधानसभा तक पहुंच गए। पुलिस ने विधानसभा से करीब 200 मीटर पहले ही छात्रों को रोक दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में छात्र वहीं धरने पर बैठ गए।
आंदोलनकारी छात्र हाथों में तिरंगा, पोस्टर और बैनर लेकर विधानसभा की ओर बढ़े थे। छात्रों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रास्ते में बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद छात्रों ने बैरिकेड के पास ही अपना धरना शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
इसी बीच विधायक जयराम महतो के भी आंदोलनकारी छात्रों के बीच पहुंचने और उनसे बातचीत करने की खबर है। उन्होंने छात्रों से उनकी मांगों और आंदोलन को लेकर बातचीत की। इससे पहले भी JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों की ओर से लगातार सरकार पर कार्रवाई का दबाव बनाया जा रहा है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों का एक बड़ा समूह विधानसभा के नजदीक पहुंचने के बाद वहीं डटा हुआ है।
बताया जा रहा है कि कुछ छात्र विधानसभा परिसर में भी पहुंच गए और वहीं बैठकर धरना देने लगे। विधानसभा के आसपास छात्रों की मौजूदगी और पुलिस की बैरिकेडिंग के कारण इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
राजधानी में बड़ी संख्या में छात्रों के एक साथ विधानसभा की ओर पहुंचने से आंदोलन का दबाव और बढ़ गया है। अब सबकी नजर सरकार की ओर से छात्रों की मांगों पर होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी है।
