Hemant Soren, Johna Falls, Jharkhand Tourism, Nature Conservation, Ranchi,
RANCHI
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को परिवार के साथ रांची के निकट स्थित जोन्हा फॉल की हरी-भरी वादियों में समय बिताया और झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता की खुलकर सराहना की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय फलों का स्वाद लिया और वहां मौजूद लोगों से आत्मीय बातचीत भी की। सीएम ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि निर्मल जलधाराओं, घने जंगलों और शांत पहाड़ियों से घिरा झारखंड वास्तव में प्रकृति का अनुपम उपहार है। उन्होंने कहा कि राज्य का हर इलाका अपनी अलग पहचान और प्राकृतिक रंगों के साथ लोगों का स्वागत करता है।

मुख्यमंत्री ने झारखंड की प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित करने की सामूहिक जिम्मेदारी पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह साझा विरासत आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है। हेमंत सोरेन ने देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का झारखंड की इस खूबसूरत धरती पर स्वागत करते हुए ‘जोहार’ कहा और राज्य के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को देखने का आमंत्रण दिया।
