RAMGARH
रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। लारी-बरलौंग के पास कोयला लदे एक ट्रक ने बैंड पार्टी के कलाकारों को लेकर जा रहे सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य को अस्पताल ले जाने के दौरान मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे के बाद सदर अस्पताल में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया। प्रशासन, पुलिस और चिकित्सकों की टीम पूरी रात अस्पताल में मौजूद रही। सभी शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपे गए।
पुलिस ने मृतकों की पहचान अनोद कुमार (31), डेविड करमाली (28), पप्पू करमाली (18), पवन करमाली (23), अशोक डोम (45), शक्ति डोम (34), हेमंत कुमार महतो (25) और मनीष कुमार (22) के रूप में की है। इनमें अशोक डोम और शक्ति डोम सगे भाई थे, जबकि परिजनों के अनुसार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल परिसर में जमा हुए और प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द फैसला नहीं लिया गया तो वे शवों को सड़क पर रखकर आंदोलन करेंगे। इससे पहले आक्रोशित लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया।
मौके पर रजरप्पा थाना प्रभारी, रामगढ़ अंचल अधिकारी रमेश रविदास और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे। प्रशासन लगातार परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास कर रहा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के पास हुई दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर से उनका मन व्यथित है। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन घड़ी को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।
