असम चुनाव: JMM ने जारी की स्टार प्रचारकों की नई सूची, हेमंत सोरेन के साथ इनका है नाम

हेमंत सोरेन के नेतृत्व में प्रचार की तैयारी, गाड़ियों के पास जारी करने का किया अनुरोध


RANCHI

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त को एक संशोधित पत्र भेजकर स्टार प्रचारकों की सूची और प्रचार अभियान के लिए औपचारिक अनुमति मांगी गई है।

पत्र में पार्टी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को मुख्य चुनाव प्रचारक के रूप में घोषित किया गया है, जो असम के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार अभियान का नेतृत्व करेंगे।

केंद्रीय नेताओं की टीम करेगी प्रचार

झामुमो ने अपने केंद्रीय नेतृत्व के कई प्रमुख नेताओं को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है। इनमें डॉ. सरफराज अहमद, विनोद कुमार पांडेय, सुप्रियो भट्टाचार्य, जोबा माझी, अभिषेक प्रसाद, पंकज मिश्रा, सुदिव्य कुमार, दीपक बिरुवा, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद, विजय हांसदा, कल्पना मुर्मू सोरेन, डॉ. महुआ माजी, हफीजुल हसन, भूषण तिर्की, विकास मुंडा, एम.टी. राजा, आलोक सोरेन और डॉ. लुईस मरांडी जैसे नाम शामिल हैं।

पार्टी ने स्पष्ट किया है कि ये सभी नेता असम राज्य में हवाई, सड़क और रेल मार्ग से यात्रा करते हुए व्यापक चुनाव प्रचार करेंगे।

निर्वाचन आयोग से मांगी औपचारिक अनुमति

झामुमो ने अपने पत्र में भारत निर्वाचन आयोग से अनुरोध किया है कि इन स्टार प्रचारकों को चुनाव प्रचार की अनुमति दी जाए। साथ ही, उनके द्वारा उपयोग किए जाने वाले वाहनों के लिए राज्य के भीतर आवागमन हेतु पास जारी करने की भी मांग की गई है।

यह पत्र लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 77 के तहत भेजा गया है, जिसके अंतर्गत चुनावी खर्च और प्रचार से जुड़े नियम निर्धारित होते हैं।

असम में संगठन विस्तार की कोशिश

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, झामुमो का यह कदम असम में अपनी राजनीतिक उपस्थिति मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। हालांकि, पार्टी का मुख्य आधार झारखंड में रहा है, लेकिन अब वह अन्य राज्यों में भी अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है। असम विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर यह पहल उसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *