स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब की 3 बेटियां झारखंड अंडर-19 स्कूल नेशनल टीम में चयनित



सीमित संसाधनों में शानदार प्रदर्शन, मणिपुर के लिए टीम के साथ रवाना

RANCHI

स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब की होनहार खिलाड़ी अंकिता कच्छप, रूपाली कुमारी और राधिका कुमारी का चयन झारखंड अंडर-19 स्कूल नेशनल फुटबॉल टीम के लिए किया गया है। चयनित खिलाड़ी आज पूरी टीम के साथ मणिपुर के लिए रवाना हो गईं, जहां वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

गौरतलब है कि स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब के पास अब तक अपना स्थायी खेल मैदान नहीं है। इसके बावजूद क्लब की बेटियां लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर राज्य और देश में अपनी पहचान बना रही हैं। सीमित संसाधनों में कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर इन खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की है, जो काबिले-तारीफ मानी जा रही है।

स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि इन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और सहयोग मिले, तो वे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी झारखंड का नाम रोशन कर सकती हैं।

इस उपलब्धि पर क्लब के संस्थापक अनवरूल हक (उर्फ बबलू), पंचायत समिति सदस्य रेशमी तिर्की, संरक्षक जगदीश सिंह (जग्गू) और रेखा महतो ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्टार वॉरियर्स फुटबॉल क्लब की यह सफलता न सिर्फ क्लब बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *