मोहक छऊ संग गूंज महोत्सव का समापन: राज्यपाल बोले- झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बन चुका है आयोजन

छऊ नृत्य, 500 नगाड़े और सम्मान समारोह ने बांधा समां

RANCHI

सोनाहातु में आयोजित तीन दिवसीय गूंज महोत्सव का समापन रंगारंग लोक संस्कृति और जनभागीदारी के साथ हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार ने झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पूर्व सांसद विनोद बिहारी महतो की 9 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गूंज महोत्सव झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अग्रणी प्रतीक बनकर उभरा है और यह विविधताओं के बावजूद सामाजिक एकता का संदेश देता है।

राज्यपाल ने कहा कि विनोद बिहारी महतो झारखंड के संघर्ष, सामाजिक चेतना और आत्मसम्मान के प्रतीक थे। उनका योगदान झारखंड के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को संघर्ष, सम्मान और सामाजिक दायित्व का बोध कराती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और शहीदों व महापुरुषों को सम्मान देने की परंपरा को मजबूती मिली है।

समारोह में विशिष्ट अतिथि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि गूंज महोत्सव पिछले 30 वर्षों से समाज को एक सूत्र में बांधने और संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करता है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं गूंज परिवार के संरक्षक सुदेश महतो ने स्वागत भाषण में कहा कि राज्यपाल का आगमन पंचपरगना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि गूंज महोत्सव सेवा, सम्मान और सांस्कृतिक समागम के मूल्यों पर आधारित है, जो समाज को जोड़ने का कार्य करता है।

महोत्सव के दौरान 500 नगाड़ों के साथ राज्यपाल का स्वागत किया गया। सैकड़ों कलाकारों ने सामूहिक छऊ नृत्य प्रस्तुत कर समां बांधा। किसानों, खिलाड़ियों और कलाकारों को सम्मानित किया गया तथा शहीदों के परिजनों का अभिनंदन किया गया। साथ ही कृषि प्रदर्शनी और चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया।
गूंज परिवार की ओर से राज्यपाल व अन्य अतिथियों को छऊ का प्रतीक भेंट किया गया। केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संजय सेठ द्वारा गूंज परिवार को एम्बुलेंस उपलब्ध कराए जाने की भी घोषणा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *