RANCHI
डोरंडा कॉलेज, रांची परिसर में रविवार को आत्मरक्षा प्रशिक्षण केन्द्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन झारखंड महिला विकास समिति की परियोजना निदेशक सह समाज कल्याण निदेशक किरण पासी (भा.प्र.से.) और डोरंडा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राज कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर किरण पासी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मरक्षा सीखना आज के समय में हर बेटी के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार राज्य की किशोरियों और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। भविष्य में राज्य के सभी सरकारी कॉलेजों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित करने की योजना है, ताकि बालिकाएं सुरक्षित रह सकें, बाल विवाह जैसी कुरीतियों से बच सकें और अपनी शिक्षा निर्बाध रूप से पूरी कर सकें।
उन्होंने जानकारी दी कि इस केन्द्र के माध्यम से डोरंडा कॉलेज की छात्राओं को निःशुल्क कराटे प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण शिहान रंजीत मेहता (6th DAN ब्लैक बेल्ट) के मार्गदर्शन में संचालित होगा।
डोरंडा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राज कुमार शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय द्वारा संचालित सोशल आउटरीच प्रोग्राम के अंतर्गत यह पहल समाज के उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कॉलेज न केवल अपनी छात्राओं, बल्कि समाज के उन सभी लोगों के साथ खड़ा है जो बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में सहयोग करना चाहते हैं।
उल्लेखनीय है कि यह पहल बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत झारखंड में बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने की एक विशेष शुरुआत है। इसे झारखंड महिला विकास समिति और डोरंडा कॉलेज के संयुक्त प्रयास से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है।
मौके पर कराटे प्रशिक्षण के लिए विशेष रूप से सुसज्जित कराटे डोजो कक्ष का भी उद्घाटन किया गया।
