बिहार में महिला सुरक्षा पर घिरी नीतीश सरकार, रोहिणी आचार्य ने साधा निशाना

Rohini Acharya Slams CM Nitish Over Rising Crimes Against Girls Bihar

बोलींरोज हो रहे अत्याचार, फिर भी सरकार गहरी नींद में सोई

Patna


बिहार में लड़कियों और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर राजद नेता और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में लगभग रोज बहन-बेटियों के साथ अत्याचार और यौन अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद सरकार संवेदनहीन बनी हुई है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए रोहिणी आचार्य ने लिखा, माननीय मुख्यमंत्री जी… यह शर्म का विषय है कि क़ानून के राज के तमाम दावों के बावजूद बिहार में बेटियां असुरक्षित हैं।” उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की उदासीनता के कारण राज्य बहन-बेटियों के लिए सुरक्षित नहीं रह गया है।

रोहिणी आचार्य ने सवाल उठाया कि क्या बिहार में अपराधियों को कानून का कोई भय नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि तमाम निर्देशों के बावजूद बेटियों के खिलाफ हिंसक और यौन अपराध की घटनाएं रुक क्यों नहीं रही हैं। क्या अपराधियों के मन में यह धारणा बन चुकी है कि वे अपराध करने के बाद भी आसानी से बच जाएंगे?

अपने पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने दो हालिया घटनाओं का भी जिक्र किया। एक मामला सारण जिले का बताया गया है, जहां नाबालिग के गले पर चाकू रखकर तीन युवकों द्वारा बारी-बारी से दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आई है। वहीं दूसरी घटना पटना की है, जिसमें एक युवती को जिंदा जलाए जाने की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

रोहिणी आचार्य के इस बयान के बाद बिहार में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *