रिम्स में दुष्कर्म की खबर, परिजन का इलाज कराने आयी थी पीड़िता

रांची

रांची के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में महिला के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। चतरा की रहने वाली 20 वर्षीय महिला के साथ यह घटना अस्पताल के सुरक्षा में तैनात सैफ के जवान संतोष कुमार बारला ने अंजाम दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इलाज के लिए आई थी महिला

पीड़िता अपने परिजन के इलाज के लिए रिम्स अस्पताल आई हुई थी। गुरुवार की रात वह दवा लेने गई थी, तभी संतोष बारला ने उसे अकेला पाकर चौथी मंजिल के एक सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने महिला को धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया, तो उसकी जान ले ली जाएगी।

परिजनों और पुलिस को दी जानकारी

शुक्रवार की सुबह महिला ने अपनी आपबीती परिजनों को सुनाई। इसके बाद उन्होंने बरियातू थाने में शिकायत दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी को जेल भेजा गया

रांची सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि सैफ जवान संतोष बारला को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को गंभीरता से लिया है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *