BREAKING: रांची में कड़ाके की ठंड का असर, KG से 12वीं तक की कक्षाएं 2 दिन के लिए स्थगित

Ranchi

रांची जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहरी को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत रांची जिला अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में KG से 12वीं तक की कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य 5 जनवरी 2026 से 6 जनवरी 2026 तक स्थगित कर दिया गया है।

यह निर्णय भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र झारखंड (रांची) द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के बाद लिया गया है। बुलेटिन में रांची जिले को येलो जोन की श्रेणी में रखते हुए भारी ठंड और शीतलहरी की संभावना जताई गई है। इसी चेतावनी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन यह आदेश जारी किया है।

जारी आदेश में सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें। हालांकि, यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में पूर्व निर्धारित परीक्षाएं आयोजित होनी हैं, तो विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार परीक्षा का संचालन कर सकते हैं।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि 10वीं और 12वीं कक्षाओं का संचालन विद्यालय अपने स्तर पर परिस्थितियों को देखते हुए कर सकते हैं। यानी इन कक्षाओं को लेकर विद्यालयों को छूट दी गई है कि वे हालात के अनुसार निर्णय लें।

गौरतलब है कि सरकारी विद्यालय पहले से ही शीतकालीन छुट्टियों के कारण 5 जनवरी तक बंद हैं। 6 जनवरी को सरकारी विद्यालय शिक्षकों के लिए खुले रहेंगे। इस दिन शिक्षक विद्यालय में उपस्थित होकर अपनी उपस्थिति eVV पोर्टल पर दर्ज करेंगे और विद्यालय से जुड़े गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।

प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों की सेहत को प्राथमिकता दें और ठंड के इस दौर में जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। शीतलहरी को लेकर आगे की स्थिति पर प्रशासन और मौसम विभाग की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *